टिड्डियों का खतरा
पूर्वी पंजाब के कतिपय जिलों और राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में टिड्डियों ने फसलों को काफी हानि पहुंचाई है। पूर्वी पंजाब में टिड्डियों के खतरे ने कितना गंभीर रूप धारण कर लिया है, इसका अनुमान राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. गोपीचन्द भार्गव के ताजा रेडियो भाषण से भलीभांति किया जा सकता है। जनवरी के अन्त में टिड्डी दल ने गुड़गांव, रोहतक, करनाल, हिसार, लुधियाना और कांगड़ा जिलों पर छापा मारा और सरकारी तथा लोगों के प्रयत्नों के बावजूद एक गांव से दूसरे गांव की ओर बढ़ता जा रहा है। यह टिड्डी दल गुड़गांव से आगे जाते हुए जब राजधानी पर होकर गुजरा था, तो राजधानी के निवासियों ने अपनी आंखों से आकाश को टिड्डियों से भरा देखा था और समझ लिया था कि यह प्राणी जहां कहीं फसलों और पेड़ों पर बैठेगा, वहीं उनका सफाया कर देगा। आज क्या स्त्री और क्या पुरुष, क्या वृद्ध- बालक सभी अन्न-संकट को अनुभव कर रहे हैं; अतः फसलों के इस महान शत्रु को देखकर सभी के हृदय आशंकित हो उठे थे।
पूर्वी पंजाब के मुख्यमंत्री डा. भार्गव ने बताया है कि दल ने पिछले तीन सप्ताह में होशियारपुर के उपजाऊ जिले में पड़ाव डाले रखा और 370 से अधिक गांवों में व्यापक हानि पहुंचा चुका है। इस समय टिड्डी दल ने होशियारपुर जिले के करीब सौ गांवों में अपने को केन्द्रित किया हुआ है और टिड्डियों ने अंडे देना भी शुरू कर दिया है। टिड्डियां जब अण्डे देना शुरू कर देती हैं, तो उनकी संख्या में भारी वृद्धि हो जाती है और उनका खतरा और भी ज्यादा बढ़ जाता है। पिछले दो-तीन दिनों में टिड्डियां जलंधर जिले में पहुंच गयी हैं और उन्हें अमृतसर जिले में भी देखा गया है। पूर्वी पंजाब की सरकार ने टिड्डियों के खतरे की गंभीरता को पूरी तरह समझा है। पिछली 13 फरवरी को तो होशियारपुर जिले में संकटकालीन स्थिति की घोषणा कर दी गयी। सरकारी दफ्तरों को कुछ समय के लिए बन्द कर दिया गया और तमाम सरकारी कर्मचारियों को डिप्टी कमिश्नर की अधीनता में टिड्डी दल के विनाश में लगा दिया गया। इस काम में फौज की सहायता भी प्राप्त की गयी। स्कूल और कालेजों को बन्द करके विद्यार्थियों का भी इस काम में उपयोग किया गया। राज्य सरकार ने एक आर्डिनेंस भी प्रचारित किया है, जो सरकार को लोगों को अनिवार्य रूप से इस काम में नियोजित करने का अधिकार देता है।
Locusts have caused significant damage to crops in certain districts of East Punjab and parts of Rajasthan. The severity of the locust threat in East Punjab can be well gauged from the state Chief Minister, Dr. Gopichand Bhargava’s recent radio address. In late January, locust swarms invaded Gurgaon, Rohtak, Karnal, Hisar, Ludhiana, and Kangra districts and, despite government and public efforts, continue to spread from village to village. As the swarm passed through Gurgaon and crossed the capital, residents of the capital witnessed the sky filled with locusts and realized that wherever these creatures landed, they would wipe out crops and trees. Today, men and women, young and old, are all experiencing a food shortage; hence, the sight of this great enemy of crops filled everyone’s hearts with apprehension.
East Punjab Chief Minister Dr. Bhargava reported that the swarm has camped in the fertile district of Hoshiarpur for the past three weeks and has caused extensive damage to over 370 villages. Currently, the locust swarm has concentrated in approximately 100 villages in Hoshiarpur district and has begun laying eggs. When locusts begin laying eggs, their numbers increase significantly, posing a greater threat. In the past two to three days, swarms have reached Jalandhar district and have also been sighted in Amritsar district. The East Punjab government has fully grasped the gravity of the locust threat. On February 13th, a state of emergency was declared in Hoshiarpur district. Government offices were temporarily closed, and all government employees, under the command of the Deputy Commissioner, were deployed to eradicate the locust swarm. The army was also deployed for this work. Schools and colleges were closed and students were also utilized for this work. The state government has also promulgated an ordinance, which gives the government the power to compulsorily employ people in this work.







